LPG Cylinder Free Insurance: आज लगभग हर घर में एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन बहुत कम लोगों को यह पता है कि इसके साथ उन्हें मुफ्त में बीमा कवर भी मिलता है। जैसे ही कोई ग्राहक गैस कनेक्शन लेता है या सिलेंडर बुक करता है, उसे पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा (Accidental Insurance) मिल जाता है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी भी तरह का प्रीमियम नहीं देना पड़ता।
किसे मिलता है बीमा का लाभ?
यह बीमा कवर गैस कनेक्शन धारक और उसके पूरे परिवार के लिए होता है। MyLPG के अनुसार, गैस लीक या सिलेंडर ब्लास्ट जैसी दुर्घटना की स्थिति में यह कवर आर्थिक मदद के रूप में दिया जाता है। पेट्रोलियम कंपनियां बीमा कंपनियों के साथ मिलकर यह सुविधा उपलब्ध कराती हैं, ताकि हादसे के समय उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
कितना मिलता है क्लेम?
क्लेम की बात करें तो इसमें प्रति सदस्य अधिकतम 10 लाख रुपये तक और पूरे परिवार के लिए कुल 50 लाख रुपये तक का कवर मिलता है। अगर केवल संपत्ति को नुकसान हुआ है, तो 2 लाख रुपये तक का क्लेम किया जा सकता है।
वहीं मृत्यु की स्थिति में 6 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर दिया जाता है और इलाज के लिए अधिकतम 30 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है, जिसमें प्रति सदस्य 2 लाख रुपये शामिल होते हैं।
कैसे करें क्लेम
अगर किसी तरह का हादसा हो जाता है, तो सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन और अपने LPG वितरक को इसकी जानकारी देना जरूरी है। इसके बाद संबंधित बीमा कंपनी की टीम मौके पर जांच करती है। यदि जांच में यह साबित हो जाता है कि हादसा सिलेंडर से हुआ है, तो क्लेम की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है।
आमतौर पर ग्राहक को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होती, लेकिन जरूरी दस्तावेज जैसे पुलिस रिपोर्ट, इलाज के बिल और मृत्यु की स्थिति में पोस्टमार्टम या मृत्यु प्रमाण पत्र संभालकर रखना चाहिए।










