Haryana News: हरियाणा में कुरुक्षेत्र के प्रेम नगर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दंपती ने अपनी 3 साल की बेटी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची की गंभीर बीमारी के कारण परिवार लंबे समय से तनाव में था।
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घर के अंदर पति, पत्नी और मासूम बच्ची पंखे से लटके मिले। तीनों को नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जतिंद्र कुमार (30), उनकी पत्नी मंजू (28) और बेटी अदविका के रूप में हुई है। जतिंद्र रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत था। उसके पिता महेंद्र सिंह पंजाब पुलिस से रिटायर्ड थे, जिनका करीब छह महीने पहले निधन हो चुका है। परिवार में अब केवल मां बिमला देवी हैं, जबकि जतिंद्र का भाई कनाडा में रहता है।
घटना से पहले जतिंद्र ने अपने जीजा को एक मैसेज भेजा था, जिसमें सुसाइड की जानकारी दी गई थी और घर पहुंचकर मां का ख्याल रखने की अपील की गई थी। मैसेज मिलने के बाद परिजन तुरंत घर पहुंचे, जहां तीनों को फंदे पर लटका पाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। कृष्णा गेट थाना के SHO बलजीत सिंह के अनुसार, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।









