Indian Railways: भारतीय रेलवे की बहुप्रतीक्षित फिरोजपुर-झांसी पर्यटन ट्रेन अपने निर्धारित संचालन से पहले ही रद्द कर दी गई है। यह ट्रेन 24 अप्रैल से पहली बार हिसार और सिरसा के रास्ते चलने वाली थी, लेकिन पर्याप्त एडवांस बुकिंग न होने के कारण इसे कैंसिल कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेन वाया सिरसा-हिसार-धुरी होकर चलनी थी, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधे पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलती। हालांकि, यात्रियों की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के चलते रेलवे को यह फैसला लेना पड़ा।
इस ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को 8 से 10 दिन का टूर पैकेज मिलने वाला था, जिसमें आने-जाने की व्यवस्था के साथ होटल में ठहरने और भोजन की सुविधा भी शामिल थी। यात्रा दो श्रेणियों कंफर्ट और स्टैंडर्ड में उपलब्ध होनी थी, वहीं बच्चों के लिए किराए में छूट का प्रावधान भी रखा गया था।
पहले यह ट्रेन फिरोजपुर से चलकर धुरी जंक्शन के रास्ते अन्य राज्यों से होते हुए झांसी तक जाती थी। हिसार और सिरसा के यात्रियों को इस ट्रेन में चढ़ने के लिए धुरी तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। नई योजना के तहत यह परेशानी खत्म होने वाली थी।
रेलवे विभाग ने इस सेवा को शुरू करने से पहले हिसार और सिरसा में जागरूकता अभियान भी चलाया था, ताकि लोग एडवांस बुकिंग करें। यह ट्रेन ट्रायल के तौर पर शुरू की जानी थी और बुकिंग के आधार पर आगे जारी रखने का निर्णय होना था।
ट्रेन का प्रस्तावित रूट बठिंडा, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, दिल्ली, मथुरा, आगरा और ग्वालियर से होकर गुजरने वाला था।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन पूरी तरह एडवांस बुकिंग पर निर्भर थी। चंडीगढ़ स्थित अधिकारियों के अनुसार, पर्याप्त बुकिंग नहीं होने के कारण फिलहाल इसे रद्द कर दिया गया है।







