Gold Silver Price: अक्षय तृतीया के एक दिन बाद सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर बाजार खुलते ही चांदी करीब 4,000 रुपये तक सस्ती हो गई, जबकि सोने में भी लगभग 1,600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
चांदी की बात करें तो 5 मई डिलीवरी वाली कीमत पिछले सत्र में 2,57,142 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। सोमवार को यह 2,53,453 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में गिरकर 2,53,198 रुपये तक पहुंच गई। सुबह करीब 9:10 बजे यह 3,842 रुपये यानी 1.49% की गिरावट के साथ 2,53,300 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करती नजर आई।
वहीं सोने में भी कमजोरी दिखी। 5 जून डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,54,609 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। आज यह 1,53,158 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में गिरकर 1,53,000 रुपये तक पहुंच गया। सुबह 9:15 बजे यह करीब 1,568 रुपये यानी 1.01% की गिरावट के साथ 1,53,041 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था।
घरेलू सर्राफा बाजार में गिरावट अपेक्षाकृत हल्की रही। 24 कैरेट सोना करीब 10 रुपये गिरकर 1,55,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि 22 कैरेट और 18 कैरेट गोल्ड में भी मामूली कमी दर्ज की गई। चांदी में भी करीब 100 रुपये प्रति किलो की गिरावट के साथ कीमत 2,74,900 रुपये पर पहुंच गई।
देश के प्रमुख शहरों में सोने के दाम अलग-अलग रहे। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना लगभग 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा, जबकि चेन्नई में यह थोड़ा ज्यादा दर्ज किया गया। लखनऊ, पटना और जयपुर जैसे शहरों में भी कीमतें लगभग इसी स्तर पर रहीं।
इससे पहले अक्षय तृतीया के मौके पर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली थी। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अनुमान के मुताबिक, इस बार सोना-चांदी का कारोबार 20,000 करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो पिछले साल के करीब 16,000 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले इस साल सोने और चांदी दोनों की कीमतों में भारी उछाल आया है। सोना जहां करीब 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1.58 लाख रुपये तक पहुंच गया, वहीं चांदी 85,000 रुपये प्रति किलो से बढ़कर लगभग 2.55 लाख रुपये प्रति किलो तक जा चुकी है।











