Haryana News: हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-9 क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 33 वर्षीय दीपक कुमार और उनकी 28 वर्षीय पत्नी सोनम बाई के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अलवर के चावर कॉलोनी के रहने वाले थे और गुरुग्राम में किराए के मकान में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा।
घटना के समय दंपती का 10 वर्षीय बेटा घर के दूसरे कमरे में था। कुछ देर बाद जब वह माता-पिता के कमरे में पहुंचा, तो उसने अपने पिता को फंदे से लटका देखा। घबराए बच्चे ने तुरंत पड़ोसी को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर दबाव के निशान पाए गए हैं, जबकि पति फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद इस घटना की मुख्य वजह हो सकता है।







