Haryana Police Bharti: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 5500 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) आज से शुरू हो गया है। यह प्रक्रिया ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जहां सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उम्मीदवारों का मापन किया जा रहा है।
पहले दिन आयोग ने करीब 700 अभ्यर्थियों को बुलाया है। इसके बाद प्रतिदिन लगभग 1000 उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा और आगे चलकर यह संख्या बढ़ाकर 3000 तक की जा सकती है, ताकि प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।
PMT के लिए इस बार आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर कोई अभ्यर्थी माप के दौरान एड़ी उठाने की कोशिश करता है, तो मशीन तुरंत उसे पकड़ लेगी और स्क्रीन पर शून्य दिख जाएगा। स्टेडियम के हॉल में कुल 21 मशीनें लगाई गई हैं, जिन पर एक साथ 21 उम्मीदवारों की हाइट और चेस्ट मापी जा सकती है। एक उम्मीदवार की पूरी प्रक्रिया करीब 15 मिनट में पूरी हो रही है।
PMT के दो-तीन बैच पूरे होने के बाद उसी स्थान पर फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) भी शुरू कर दिया गया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह टेस्ट सुबह और शाम के सत्रों में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।









