Haryana News: हरियाणा सरकार प्रदेश में खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य मंत्री ने नारनौल के बरकोदा-बरगांव गांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम के स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि करीब 14 एकड़ भूमि पर एक आधुनिक जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है, जिसका परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं।
गौरव गौतम ने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से न केवल नारनौल बल्कि पूरे जिले के युवाओं को लाभ मिलेगा। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन मिलेंगे और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक ओम प्रकाश यादव, जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







