Haryana Weather: हरियाणा में मई महीने की शुरुआत भले ही शुष्क मौसम के साथ हुई हो, लेकिन अब मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते 2 से 7 मई के बीच कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को तापमान करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे यह सामान्य से लगभग 2.8 डिग्री नीचे पहुंच गया। हालांकि, सबसे अधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 2, 3, 6 और 7 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 4 और 5 मई को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान अगले 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
2 मई को पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 3 से 6 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में 2 मई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।








