Haryana Weather: हरियाणा में 3 मई से मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में तेज बदलाव देखने को मिलेगा। 4 और 5 मई को कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, अगले 48 घंटों के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दिनवार मौसम अपडेट
4 मई को हल्के बादल, शाम को धूलभरी आंधी की संभावना है। 5 मई को उत्तर और पश्चिमी हरियाणा में हल्की बारिश के आसार है। 6 मई को मौसम रहेगा सुहावना और 7 मई को तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू होगी। 8 मई को पारा 42°C तक पहुंचने की संभावना है।
किसानों और आमजन के लिए चेतावनी
खुले में खड़ी फसलों को नुकसान का खतरा है।
तेज हवाओं और ओलों से जन-धन हानि की आशंका है।
बिजली गिरने के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
खराब मौसम में अनावश्यक बाहर निकलने से परहेज करें।
हिमाचल में भी बदलेगा मौसम, कई जिलों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी IMD ने 3 से 5 मई के बीच बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। मंडी, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, बिलासपुर और सोलन में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
शिमला में पर्यटकों की भीड़, होटल फुल
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। रिज मैदान और मॉल रोड समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखी गई। कुफरी, फागू, चायल, नारकंडा और मशोबरा जैसे स्थान भी पर्यटकों से गुलजार हैं।
यहां का सुहावना मौसम (करीब 20°C तापमान) और ठंडी हवाएं लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। होटल इंडस्ट्री को भी इसका फायदा मिला है, जहां ऑक्यूपेंसी 70% से अधिक पहुंच चुकी है।








