Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। IMD के अनुसार प्रदेश में बादलों की आवाजाही कम होने के साथ ही धूप तेज हो गई है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के चार जिलों में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद में गरज-चमक के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रोहतक लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन का तापमान बढ़ रहा है, लेकिन रात और सुबह के समय अब भी हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है।
चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार 7 मई से 10 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिन का तापमान बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट बनी रह सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 मई की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते प्रदेश में फिर से मौसम बदलने की संभावना बन रही है। इसके असर से कुछ इलाकों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बावजूद प्रदेश की रातें अभी राहतभरी बनी हुई हैं। करनाल में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री और चंडीगढ़ में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात के समय मौसम सुहावना बना हुआ है।







