Haryana News: हरियाणा के नूंह में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। सभी लोग एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे, जो कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) पर धुलावट टोल प्लाजा के पास आगे चल रही एक अन्य गाड़ी से टकरा गई।
रेड पर जा रही थी टीम, साथ था एक नागरिक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम अपहरण के एक मामले में दबिश देने जा रही थी। उनके साथ अपहरणकर्ता का भाई भी मौजूद था, जिसकी भी हादसे में मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण कि मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पलवल की ओर से आ रही थी। ओवरटेक के प्रयास के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक, सिपाही प्रदीप, एक अन्य नागरिक (पहचान जारी) के रूप में हुई है। चारों पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई थाने में तैनात थे।



दूसरी गाड़ी की तलाश जारी
तावड़ू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान के अनुसार, टक्कर मारने वाली दूसरी गाड़ी का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।







