शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। ई-मेल में स्कूल परिसरों में बम धमाकों की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही मेल में हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय का भी उल्लेख किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में कुछ आपत्तिजनक और भड़काऊ संदेश भी लिखे गए हैं। इतना ही नहीं, मेल में 6 जून 2026 तक अंबाला से दिल्ली रेल ट्रैक पर आईईडी विस्फोट करने की धमकी का भी जिक्र किया गया है।
कई बड़े स्कूलों को भेजा गया ई-मेल
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें सेक्रेड हार्ट स्कूल, संत कबीर स्कूल, भवन विद्यालय, सेंट स्टीफंस स्कूल, सेंट जॉन्स स्कूल, चितकारा इंटरनेशनल स्कूल और बीपीएस स्कूल शामिल हैं।
स्कूल परिसरों में सघन तलाशी
धमकी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था तुरंत बढ़ा दी गई। चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
साइबर सेल जांच में जुटी
चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल ई-मेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।







