Haryana News: हरियाणा में सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारी अब ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में परिवार के साथ यात्रा का आनंद ले सकेंगे। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अवकाश यात्रा रियायत (LTC) के तहत 104 करोड़ 51 लाख रुपये का बजट जारी किया है। सबसे अधिक राशि Hisar जिले को मिली है, जबकि सबसे कम बजट चरखी दादरी को आवंटित किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस राशि का उपयोग केवल एलटीसी के उद्देश्य के लिए ही किया जाएगा। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बजट का पारदर्शी और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंधु ने बताया कि एलटीसी सुविधा से शिक्षकों और कर्मचारियों को परिवार के साथ यात्रा करने में आर्थिक राहत मिलेगी। निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रा खर्च की प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा की जाएगी।
जिलावार जारी बजट (करोड़ रुपये में)
| जिला | बजट |
|---|---|
| हिसार | 8.07 करोड़ |
| सोनीपत | 6.35 करोड़ |
| भिवानी | 6.09 करोड़ |
| गुरुग्राम | 6.06 करोड़ |
| जींद | 6.06 करोड़ |
| करनाल | 5.96 करोड़ |
| सिरसा | 5.35 करोड़ |
| कैथल | 5.04 करोड़ |
| झज्जर | 4.76 करोड़ |
| रोहतक | 4.65 करोड़ |
| कुरुक्षेत्र | 4.57 करोड़ |
| महेंद्रगढ़ | 4.56 करोड़ |
| फतेहाबाद | 4.55 करोड़ |
| रेवाड़ी | 4.46 करोड़ |
| पानीपत | 4.45 करोड़ |
| फरीदाबाद | 4.18 करोड़ |
| अंबाला | 4.09 करोड़ |
| यमुनानगर | 3.45 करोड़ |
| नूह | 3.14 करोड़ |
| पंचकूला | 2.96 करोड़ |
| पलवल | 2.95 करोड़ |
| चरखी दादरी | 2.70 करोड़ |







