Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। सेक्टर-45 स्थित कनैई गांव में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
घटना के समय सौरभ अपने घर के बाहर मौजूद थे। हमलावरों ने तीन से अधिक राउंड फायरिंग की, लेकिन सौरभ इस हमले में बाल-बाल बच गए। हालांकि, इस दौरान उनका एक सुरक्षा कर्मी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायरिंग की वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








