Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में 3 मई को होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने जानकारी दी कि परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है।
जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,875 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे उनकी परीक्षा शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के भीतर और 200 मीटर के दायरे में भीड़ जुटाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र में हथियार लेकर चलना, वाहनों की पार्किंग, लाउडस्पीकर का उपयोग और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का इस्तेमाल भी निषिद्ध रहेगा। इसके अलावा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट दुकानों और कोचिंग सेंटरों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव और किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी। अभ्यर्थी केवल एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल ही साथ ले जा सकेंगे।
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर लगाए गए हैं। केंद्रों पर तैनात स्टाफ और एजेंसी कर्मियों का पुलिस सत्यापन भी कराया गया है।
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू होगी और दोपहर 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी है।









