Haryana News: हरियाणा के रोहतक में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने RTO कार्यालय में छापेमारी कर दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
एक लाख रुपए लेते पकड़े गए अधिकारी
ACB की टीम ने निरीक्षक राकेश राणा को महर्षि दयानंद कॉलोनी में 1 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जांच में सहायक सचिव मनीष मदान की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चालान के नाम पर बनाया दबाव
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके ट्राले का चालान होने के बाद वह RTO कार्यालय कन्हेली पहुंचा था। वहां अधिकारियों ने उसे चेतावनी दी कि यदि “सेटिंग” नहीं की तो उसकी गाड़ियों के बार-बार चालान किए जाएंगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार उससे प्रति गाड़ी 7,000 रुपये प्रति माह की मांग की गई। उसकी कुल गाड़ियां लगभग 150 चलती है। इसके लिए कुल मांग 10.5 लाख रुपये प्रति माह रिश्वत की मांग की गई। 8 लझ रुपये प्रति महीने में सौदा तय हुआ। 5 लाख 50 हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके हैं।
ACB की योजनाबद्ध कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने 1 लाख रुपए की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर सहायक सचिव को भी गिरफ्तार किया गया।








