Haryana News: हरियाणा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, तेज और आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के राशन डिपो पर पुरानी 2-जी ई-पॉस मशीनों की जगह नई 5-जी आधारित स्मार्ट मशीनों के जरिए राशन वितरित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इस नई तकनीक से राशन वितरण व्यवस्था पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।
आल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से नई 5-जी सक्षम मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों में तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी, बेहतर बायोमेट्रिक पहचान और रियल टाइम डाटा अपडेट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे नेटवर्क संबंधी समस्याएं कम होंगी और उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने से राहत मिलेगी।
उन्होंने राशन कार्ड धारकों से अपील की कि नई मशीनों के इंस्टॉलेशन और संचालन के दौरान धैर्य बनाए रखें। विभाग की ओर से मुनादी या आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही राशन लेने के लिए डिपो पर पहुंचें, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब नौ वर्षों से इस्तेमाल हो रही 2-जी मशीनें तकनीकी रूप से पुरानी हो चुकी थीं। इन मशीनों में नेटवर्क और बायोमेट्रिक सत्यापन की दिक्कतों के कारण कई बार डिपो पर अव्यवस्था और भीड़ की स्थिति बन जाती थी।
नई 5-जी तकनीक लागू होने के बाद अंगूठे के निशान की पहचान और डाटा प्रोसेसिंग की गति कई गुना तेज हो जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इससे लाभार्थियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध कराया जा सकेगा।








