Haryana News: हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) स्टाफ टीम की कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से ही काबू कर लिया गया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
5 हजार का इनामी था आरोपी, हत्या के मामले में फरार
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी संदीप उर्फ कोहली पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह हत्या और अन्य आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ सिटी थाना में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि आरोपी पूंडरी क्षेत्र के गांव फरल के पास देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा।
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया
भागते हुए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे तुरंत काबू कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जल्द होगा पूरा खुलासा
इस पूरे मामले को लेकर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें मुठभेड़ और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।








