Haryana News: हरियाणा पुलिस के 48 वर्षीय जवान नरेंद्र दलाल का गुरुग्राम स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी में ट्रेनिंग के दौरान निधन हो गया। वे हिसार के हांसी क्षेत्र के पास स्थित कुंभा गांव के रहने वाले थे और एएसआई पद के कोर्स के लिए पिछले करीब ढाई महीने से ट्रेनिंग ले रहे थे।
परेड के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे नरेंद्र दलाल परेड के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों को भी बुलाया गया।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजनों के अनुसार, सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी।
24 साल की सेवा, पीछे छूटा परिवार
नरेंद्र दलाल करीब 24 साल पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनका भाई सेना से सेवानिवृत्त है।
गांव में शोक की लहर
नरेंद्र दलाल के आकस्मिक निधन से उनके गांव कुंभा में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिचितों ने इसे पुलिस विभाग के लिए भी बड़ी क्षति बताया है।









