Haryana Weather: हरियाणा में इस समय मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मई की गर्मी के बीच प्रदेश में मार्च जैसा ठंडा मौसम देखने को मिल रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश हुई है, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 5 और 6 मई के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसमें करनाल में सबसे ज्यादा 60.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा यमुनानगर में 38.5 मिमी, हिसार में 32.6 मिमी और जींद में 19.5 मिमी बारिश हुई।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। मौसम में इस बदलाव से गर्मी और हीटवेव का असर लगभग खत्म हो गया है।
ओलावृष्टि से बढ़ी ठंडक
सोमवार रात हिसार के आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश हुई। इससे पहले रविवार देर रात भी हिसार, भिवानी, सिरसा और महेंद्रगढ़ में ओलावृष्टि हुई थी, जबकि गुरुग्राम, नारनौल, फतेहाबाद और जींद में तेज बारिश दर्ज की गई थी।
तापमान में बड़ी गिरावट
प्रदेश में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय कमी आई है। 4 मई को सिरसा में सबसे ज्यादा तापमान 35.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य 40°C से काफी कम है। हिसार में तापमान 31.1°C तक गिर गया, जो सामान्य से लगभग 9.6°C कम है।
रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2°C नीचे चला गया है। रोहतक में न्यूनतम तापमान 15.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8.1°C कम है, जबकि करनाल में यह 17.2°C रहा।
लोगों को गर्मी से राहत
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में कूलर और एसी की जरूरत फिलहाल कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 मई तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को मई की शुरुआत में ही बड़ी राहत मिल रही है।








