Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज (शुक्रवार) दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वह गुरुवार शाम ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे और इस दौरान उनके केंद्रीय मंत्रियों से हरियाणा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुलाकात करने की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री का ट्रेन से दिल्ली जाना राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सरकारी फ्लीट में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया था, ताकि ईंधन की अनावश्यक खपत को रोका जा सके। इसे प्रशासनिक स्तर पर फिजूलखर्ची कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत संबंधी अपील से भी जुड़ी मानी जा रही है। हाल के समय में वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति और भू-राजनीतिक तनाव के बीच ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया है। इसी क्रम में केंद्र और राज्य सरकारें ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रही हैं।
मुख्यमंत्री इससे पहले भी सार्वजनिक मंचों पर सादगी और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने वाले संदेश देते रहे हैं। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित सुखना लेक पर साइकिल चलाकर भी लोगों को फिटनेस और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया था।
सीएम सैनी ने कहा है कि यदि आम नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करें, जैसे छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करना, सार्वजनिक परिवहन अपनाना और अनावश्यक ईंधन खपत से बचना, तो देश ऊर्जा बचत के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “ऊर्जा बचाओ” अभियान केवल सरकारी स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी का आंदोलन बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो देश की ऊर्जा आवश्यकताओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।







