Haryana News: हरियाणा के नूह में गुरुवार सुबह पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सुबह गो-तस्करी की सूचना मिलने के बाद टीम ने नूंह-तावड़ू रोड पर पहाड़ क्षेत्र में रिपीटर नाका के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान नफीस और मुबारिक निवासी घाटा के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गोवंश और एक पिकअप गाड़ी बरामद की है। फिलहाल नूंह सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।







