Haryana News: हरियाणा के हिसार बस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए अलग स्टैंड बनाने की दिशा में काम तेज हो गया है। करीब 3.09 एकड़ जमीन पर झाड़ियों को हटाकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इसके लिए जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से साइट को तैयार किया जा रहा है।
यह नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। डिपो में पहले ही 5 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं और जल्द ही 5 और बसें जोड़ी जाएंगी।
करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और शहर में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा।
फिलहाल जो इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं, उन्हें आजाद नगर रूट और तोशाम रोड स्थित आधार अस्पताल तक संचालित किया जा रहा है। भविष्य में हिसार में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें लाने की योजना है।
नए बस स्टैंड पर 10 इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए जाएंगे, जिससे बसों को तेजी से चार्ज किया जा सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद शहर के अलग-अलग रूटों पर इलेक्ट्रिक बस सेवा को और मजबूत किया जाएगा।









