Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र की बताई जा रही है। गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आदित्य भाटी के रूप में हुई है, जो YMCA यूनिवर्सिटी में बीएससी थर्ड ईयर का छात्र था। बुधवार शाम उसने घर के बाथरूम में जाकर अपने ताऊ की लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बीपीटीपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आदित्य सेक्टर-77 स्थित जल विहार वेलफेयर सोसाइटी में अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहता था। घटना के समय उसके पिता घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने बताया कि युवक ने जिस हथियार का इस्तेमाल किया, वह उसके ताऊ की लाइसेंसी रिवॉल्वर थी।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.







