Haryana Weather: हरियाणा में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे कई जिलों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली। हिसार, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत और सोनीपत में झमाझम बारिश हुई, जबकि नूंह और फतेहाबाद में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हांसी और भिवानी के जुई क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
बारिश का असर खेतों और मंडियों पर भी पड़ा। पानीपत के इसराना क्षेत्र की अनाज मंडी में खुले में रखा गेहूं भीग गया, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चलीं।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शाम 7 बजे तक जींद, हांसी, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को रोहतक में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। वहीं, गुरुवार को नारनौल में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से काफी अधिक था।
हालांकि, शुक्रवार को औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली।
रात का तापमान भी बढ़ा
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ कई जिलों में रातें गर्म होने लगी हैं। नारनौल और चरखी दादरी में रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है।







