Haryana Weather: हरियाणा में अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में 20 से 24 अप्रैल तक हीटवेव (लू) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। खासकर दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का प्रभाव ज्यादा रहने का अनुमान है।
नारनौल सबसे गर्म, कई शहर 40 पार
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नारनौल में 42.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतक में 41.6°C और सिरसा में 40.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लू के थपेड़े सबसे अधिक असर डालेंगे, जिससे आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।
रातों में भी बढ़ी तपिश, ‘वार्म नाइट’ का असर
दिन के साथ-साथ अब रातों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। रोहतक में न्यूनतम तापमान 26.0°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। वहीं नारनौल में 25.7°C और सिरसा में 19.4°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति की भी चेतावनी दी है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
26 अप्रैल के बाद मिल सकती है राहत
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। इसके बाद 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव और तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
लोगों के लिए एडवाइजरी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। हल्के और ढीले कपड़े पहनें और सिर को ढककर बाहर निकलें।







