Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। सबसे ज्यादा तापमान रोहतक में 41.9°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे प्रदेश में लू जैसे हालात बनने लगे हैं।
चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के 10 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इनमें अंबाला (40.4°C), करनाल (40.4°C), सिरसा (41.4°C), गुरुग्राम (40.1°C), जींद (40.7°C), महेंद्रगढ़ (40.8°C), नूंह (41.3°C), पलवल (40.2°C) और सोनीपत (40.2°C) शामिल हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
वहीं हिसार, भिवानी और गुरुग्राम जैसे जिलों में तापमान 39°C के आसपास बना हुआ है, जिससे दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की राहत जरूर महसूस की जा रही है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6°C सोनीपत के सारागढ़ी क्षेत्र में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है। आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में हालिया गिरावट के बावजूद धीरे-धीरे इसमें भी वृद्धि हो सकती है, जिससे रात के समय भी गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।







