Haryana News: हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे गांव खेड़ी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत में बनी ढाणी के भीतर पाकिस्तान के निशान वाला एक संदिग्ध गुब्बारा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह गुब्बारा विमान के आकार का है और सफेद-हरे रंग में बना हुआ है। इस पर ‘PIA’ लिखा है, साथ ही Pakistan International Airlines का नाम और चांद-सितारे का प्रतीक भी बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय प्रतीकों वाला यह गुब्बारा मिलने के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।
ग्रामीण ने दी पुलिस को सूचना
गांव खेड़ी निवासी जयवीर सिंह शर्मा ने सुबह ढाणी में यह गुब्बारा देखा और तुरंत कागदाना चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कब्जे में लिया गुब्बारा
कागदाना चौकी प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि गुब्बारे को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह एक हल्का गुब्बारा प्रतीत होता है, जो संभवतः हवा के बहाव के कारण किसी अन्य दिशा या सीमा पार से उड़कर यहां पहुंचा है।







