Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक कॉलेज संचालक के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं।
घटना अग्रवाल कॉलोनी में देवी मंदिर के सामने स्थित रजनीश बंसल के घर की है। रजनीश बंसल हिमाचल प्रदेश के कालाअंब में हिमायलन ग्रुप के नाम से कॉलेज संचालित करते हैं। फायरिंग के समय घर पर परिवार मौजूद नहीं था, केवल एक नौकर ओम प्रकाश ही अंदर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे बाइक सवार दो बदमाश आए और घर पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान घर के शीशे टूट गए, लेकिन डर के कारण नौकर बाहर नहीं निकला। घटना के बाद उसने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही DSP निर्मल सिंह, SHO गुरनाम सिंह और CIA की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोल बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पड़ोसी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फायरिंग के दौरान कई गोलियों के खोल उनके घर तक आ गिरे। उन्होंने बताया कि वे रात करीब 12 बजे घर लौटे थे और कुछ देर बाद तेज आवाजें सुनाई दीं। बाहर निकलकर देखा तो आंगन में गोलियों के खोल पड़े थे।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को सूचना दे दी गई है और उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।








