Haryana News: हरियाणा में करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। करनाल-इंद्री रोड पर रोडवेज बस और रेत से भरे डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस कंडक्टर सहित 8 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बस ड्राइवर की तेज रफ्तार बताई जा रही वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। कोर्ट के पास पहुंचते ही बस ने सामने से आ रहे डंपर के आगे कट मार दिया, जिससे कंडक्टर साइड से जोरदार टक्कर हुई।
कंडक्टर गंभीर रूप से घायल
हादसे में बस कंडक्टर मनीष को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के दौरान उनका सिर शीशे से टकरा गया, जिससे सिर फट गया और हाथ में भी गंभीर चोट आई। बस में सवार रोशन नामक यात्री ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि सभी लोग हिल गए।
दो घायलों को करनाल रेफर
घायलों में खुखनी निवासी सुभाष और बिहार निवासी मंगली की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए करनाल रेफर किया गया। अन्य घायलों में रादौर निवासी प्रवीन, गुरवंत कौर, ओमी देवी समेत कई लोग शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
जाम की स्थिति बनी
हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम लगा रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस जांच में जुटी
इंद्री थाना के एसएचओ विपिन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।







