Haryana Polytechnic Admission: हरियाणा में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हरियाणा में डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगलवार से शुरू हो चुके हैं। इस बार कुल 38 संस्थानों में लगभग 14,820 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
इन 38 पॉलिटेक्निक संस्थानों में 3 महिला कॉलेज शामिल हैं, जबकि बाकी संस्थानों में छात्र और छात्राएं दोनों प्रवेश ले सकते हैं। इस बार आठ कॉलेजों में नए कोर्स भी शुरू किए गए हैं, जिससे छात्रों को अधिक विकल्प मिलेंगे।
नए कोर्स और ट्रेड्स
इस सत्र में कई नए और आधुनिक कोर्स जोड़े गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से पर्यावरण इंजीनियरिंग (6 कॉलेजों में), साइबर फोरेंसिक एंड इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, फैशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एंड व्हीकल टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स की अवधि 10वीं पास छात्रों के लिए 3 वर्ष और 12वीं विज्ञान संकाय के छात्रों के लिए 2 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिलावार संस्थान और सीटें
हिसार में 900 सीटें, सोनीपत में 690 सीटें, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला में 660-660 सीटें, महेंद्रगढ़ में 480 सीटें, पलवल में 450 सीटें, सिरसा, पानीपत, झज्जर में 420-420 सीटें और अन्य कई जिलों में 300–390 सीटों पर दाखिले होंगे। इसके अलावा पंचकूला में चार, सिरसा और रोहतक में तीन-तीन पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं।
दाखिला प्रक्रिया और तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। अंतिम तिथि 18 मई, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 19 मई, कोर्स और कॉलेज चयन 21 से 25 मई, पहला सीट अलॉटमेंट परिणाम 26 मई को होगा। दूसरी काउंसलिंग 2 से 4 जून तक होगी और परिणाम 5 जून को जारी किया जाएगा।
कैसे होगा चयन?
छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सीट अलॉटमेंट के बाद छात्रों को संबंधित संस्थान में जाकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।










