Haryana News: हरियाणा की राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब गुरुग्राम के मानेसर से मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
गौरतलब है कि मार्च 2025 में हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 10 में से 9 निगमों पर जीत हासिल की थी, जबकि मानेसर नगर निगम एकमात्र ऐसा क्षेत्र था जहां निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुंदर लाल यादव को 2,293 वोटों के अंतर से हराया था।
अब डॉ. इंद्रजीत के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों पर अपना कब्जा मजबूत कर लिया है। इससे पहले भाजपा क्लीन स्वीप करने से चूक गई थी, लेकिन इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पार्टी की शहरी निकायों में स्थिति और सुदृढ़ हो गई है।







