Haryana News: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कुरुक्षेत्र में चल रहे विवाद के बीच बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। संस्थान के जॉइंट रजिस्ट्रार ज्ञान रंजन सामंत्रे को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम के दौरे के ठीक अगले दिन की गई है। हालांकि, सस्पेंशन के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
मंत्रालय की उच्चस्तरीय टीम ने किया दौरा
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. विनित जोशी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को संस्थान का दौरा किया। टीम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, हालिया फैसलों और संस्थान से जुड़े विवादित मामलों की समीक्षा की।

छात्र आत्महत्या मामलों की जांच की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, टीम ने इस वर्ष संस्थान में हुए चार छात्रों की आत्महत्या के मामलों की भी समीक्षा की है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
29 मार्च से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद 29 मार्च से शुरू माना जा रहा है, जब मंत्रालय ने NIT के तत्कालीन डायरेक्टर प्रो. बीवी रमना रेड्डी के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर रोक लगा दी थी। इसके बाद जॉइंट रजिस्ट्रार ज्ञान रंजन सामंत्रे को उनके पद से हटाया गया और प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को नया रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया।
इसके बाद प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को कार्यकारी निदेशक और प्रो. विनोद मित्तल को रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी दी गई।
भर्ती और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच जारी
संस्थान में भर्ती, प्रमोशन, खाली पदों, रैंकिंग में गिरावट और प्रशासनिक निर्णयों को लेकर जांच चल रही है। इसके अलावा डायरेक्टर पर अपने गृह राज्य तेलंगाना से अधिक स्टाफ भर्ती करने के आरोप भी लगे हैं।
NAAC प्रमुख की अगुवाई में रिव्यू कमेटी का दौरा
इसी सप्ताह प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे की अगुवाई में रिव्यू कमेटी ने 23 और 24 अप्रैल को दूसरी बार संस्थान का दौरा किया और विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।a











