Haryana News: हरियाणा के लाडवा में गुरुवार मध्यरात्रि उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की बौछार से घर के शीशे चकनाचूर हो गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि घटना के समय व्यापारी रजनीश बंसल और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। घर में केवल उनका नौकर मौजूद था, जो डर के कारण बाहर नहीं निकला।
डेढ़ दर्जन से ज्यादा राउंड फायर
जानकारी के अनुसार, बदमाश लाडवा-रादौर मार्ग पर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर के सामने अग्रवाल कॉलोनी में पहुंचे और घर पर करीब 15–20 राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पर्ची फेंककर दी वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि हमलावरों ने पहले घर के अंदर एक पर्ची फेंकी और उसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने पर्ची के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया है, लेकिन शुरुआती आशंका रंगदारी से जुड़ी बताई जा रही है।
पड़ोसी के घर भी पहुंचे गोलियों के खोल
फायरिंग का असर आसपास के घरों पर भी पड़ा। पड़ोसी के आंगन में गोलियों के खोल मिले हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
बताया जा रहा है कि रजनीश बंसल को पहले भी रंगदारी को लेकर धमकी भरे फोन मिल चुके हैं। इसी के चलते उन्हें चंडीगढ़ में सुरक्षा दी गई थी। वे लाडवा कभी-कभार ही आते हैं, इसलिए यहां सुरक्षा नहीं थी।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी निर्मल कुमार, थानाध्यक्ष गुरनाम सिंह और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं।
डीएसपी के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लाडवा, कुरुक्षेत्र, शाहाबाद और रादौर की पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।
जांच जारी
पुलिस अधीक्षक स्तर पर मामले की निगरानी की जा रही है। हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन रंगदारी एंगल से भी जांच की जा रही है।








