Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र में सीआईए-टू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश से संचालित गैंग से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध कट्टा, कारतूस और एक आईफोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव बाल छप्पर निवासी मनोज कुमार उर्फ अंकित के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना छप्पर में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
सीआईए-टू प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जांच में सामने आया कि वह विदेश से संचालित गैंगस्टर दलजीत उर्फ बाबू के नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है और उसी के इशारों पर वारदात करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।
कोर्ट में पेश, भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और विदेश कनेक्शन की भी जांच कर रही है।









