Haryana News: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा के रहने वाले युवा पहलवान सुजीत कलकल ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग अपने नाम कर ली है। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की ताजा रैंकिंग में 65 किलोग्राम भारवर्ग में शीर्ष स्थान हासिल कर उन्होंने देश का नाम रोशन किया है।
लगातार शानदार प्रदर्शन से मिली सफलता
सुजीत कलकल पिछले एक साल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप सहित कई बड़ी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

लगातार 6 गोल्ड मेडल जीतने का रिकॉर्ड
सुजीत के पिता और कोच दयानंद कलकल के अनुसार, सुजीत ने पिछले एक वर्ष में लगातार छह गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। इनमें अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड, सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग, चैंपियनशिप में दो गोल्ड, सीनियर एशियन चैंपियनशिप गोल्ड शामिल हैं।
कोच ने बताया कि सुजीत के प्रमुख दांव-पेच डबल लेग होल्ड और अन्य तकनीकी मूव्स हैं, जिनकी बदौलत वे लगातार जीत दर्ज कर रहे हैं।

ओलंपिक पदक की उम्मीद
जिला कुश्ती संघ के सचिव योगेश इमलोटा ने सुजीत की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन ओलंपिक पदक की मजबूत संभावना दिखाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल जिले और राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
खेल जगत में खुशी का माहौल
सुजीत के नंबर-1 बनने की खबर से खेल प्रेमियों और कुश्ती से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है। कोच और विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उनका यह प्रदर्शन जारी रहा, तो भारत को आने वाले वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय पदक मिल सकते हैं।








