Divyanka Sirohi: हरियाणवी म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। 30 वर्षीय हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का मंगलवार देर रात निधन हो गया। जानकारी के अनुसार उन्हें घर पर ही हार्ट अटैक आया, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस अचानक हुई घटना से हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर दिव्यांका के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

गुरुग्राम में रह रही थीं दिव्यांका
दिव्यांका सिरोही मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और फिलहाल गुरुग्राम में रह रही थीं। उन्होंने कई हरियाणवी गानों में अपनी पहचान बनाई थी और लोकप्रिय सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी कई प्रोजेक्ट्स में काम किया था। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी, इंस्टाग्राम पर उनके 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि
दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीसीए किया और बाद में सिक्किम से MBA की डिग्री प्राप्त की। उनके परिवार में दो भाई दिपांशु और हिमांशु, एक बहन जसमीत हैं। परिवार वर्तमान में माता-पिता और दादी के साथ गाजियाबाद में रह रहा है।

दिव्यांका के अचानक निधन से मनोरंजन जगत में शोक का माहौल है और उनके चाहने वाले लगातार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।








