Haryana News: हरियाणा में आगामी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बड़ी घोषणा करते हुए दो प्रमुख नगर निगम सीटों पर मेयर उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। अंबाला से कुलविंदर कौर और सोनीपत से कमल दीवान को पार्टी ने मैदान में उतारा है, जबकि पंचकुला सीट पर फिलहाल फैसला टाल दिया गया है।
चुनाव कार्यक्रम तय
राज्य में सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम के साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा उकलाना, धारूहेड़ा और सांपला नगर पालिका के लिए 10 मई को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू होगी, जबकि मतगणना 13 मई को की जाएगी।
कमल दीवान को फिर मौका
सोनीपत से उम्मीदवार बनाए गए कमल दीवान को इससे पहले 2025 के उपचुनाव में भी टिकट मिला था, लेकिन वे भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन से हार गए थे।
1973 में जन्मे कमल दीवान 11वीं तक शिक्षित हैं और वर्तमान में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष हैं। वे दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। उनके पिता देवराज दीवान भी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। सोनीपत में पंजाबी मतदाताओं की अच्छी संख्या को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
अंबाला में कुलविंदर कौर पर दांव
अंबाला नगर निगम में मेयर पद के लिए कुलविंदर कौर को उम्मीदवार बनाया गया है। यह सीट बीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। उनके पति किरपाल सिंह भी कांग्रेस से जुड़े नेता हैं और इसी आरक्षण के बाद वे स्थानीय राजनीति में सक्रिय हुए।







