Haryana News: हरियाणा के सिरसा में जाट धर्मशाला में आधी रात को हथियारबंद लोगों के घुसने का मामला अब धीरे-धीरे साफ होता जा रहा है। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से सामने आए खुलासे बेहद चौंकाने वाले हैं। इस मामले में उत्तर प्रदेश के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर सिरसा में हथियारों की बड़ी डील करने पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी वापस उत्तर प्रदेश लौट गए थे, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ लिया गया। चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की तस्वीरें जारी नहीं की हैं। मामले को लेकर डीएसपी आदर्शदीप सिंह ने कहा है कि जांच अभी जारी है और कई अहम पहलुओं पर काम हो रहा है।
घटना के बाद जाट धर्मशाला प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अब हर व्यक्ति की पहचान जांचने के बाद ही कमरा दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी दो दिन तक धर्मशाला में रुके थे और अचानक वहां से गायब हो गए। पुलिस ने धर्मशाला से सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर ली है, जिससे उनकी गतिविधियों की विस्तार से जांच की जा रही है।
इस मामले में एक महिला दलाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बिजनौर की एक कॉल गर्ल को बुलाया था, जिसे दलाल के जरिए धर्मशाला तक लाया गया। लेकिन जब वह वहां पहुंची, तो आरोपियों ने उसे देह व्यापार के बजाय हथियार तस्करी में सहयोग करने का प्रस्ताव दिया।
इस प्रस्ताव से घबराकर महिला रात के समय ही धर्मशाला की दीवार फांदकर वहां से भाग निकली और सीधे पुलिस के पास पहुंच गई। उसी की सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापा मारा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
धर्मशाला के मैनेजर ओम शर्मा के अनुसार, सभी मेहमानों को आईडी प्रूफ के आधार पर ही कमरे दिए जाते हैं और आरोपियों के दस्तावेज भी रजिस्टर में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि महिला के आने की जानकारी उन्हें नहीं थी, जो बाद में पुलिस जांच में सामने आई।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और जब्त डीवीआर के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।







