Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस और डीटीपी टीम ने गैंगस्टर कौशल चौधरी की अवैध संपत्तियों पर बुल्डोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा अर्बन डेवलेपमेंट अथॉरिटी की करीब 1500 वर्ग गज जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है, जिसकी बाजार कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस जमीन पर अवैध रूप से मकान और दुकान बनाए गए थे।
गौरतलब है कि कौशल चौधरी गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और फिरौती जैसे करीब 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरीया की मां हरजीत कौर और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
बताया जाता है कि जमीनी विवाद और अपने भाई की हत्या का बदला लेने के बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। वह बंबिहा गैंग के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैंग संचालित कर रहा था। उसकी पत्नी मनीषा चौधरी भी ‘लेडी डॉन’ के नाम से जानी जाती है।
फिलहाल, कौशल चौधरी और उसकी पत्नी दोनों भोंडसी जेल में बंद हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, बंबीहा गैंग को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रमुख विरोधी माना जाता है और इस गैंग का नाम पंजाब में कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं में सामने आ चुका है।








