Haryana News: हरियाणा के कैथल जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO) को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी की पहचान गुहला क्षेत्र के BDPO जगजीत सिंह के रूप में हुई है।
मामले के अनुसार, बदसुई गांव निवासी संदीप ने शिकायत दी थी कि उसके मकान को गिराने के लिए नोटिस जारी किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2000 के एसडीएम कोर्ट के फैसले पर सिविल कोर्ट और कमिश्नर कोर्ट से स्टे होने के बावजूद BDPO मकान गिराने का दबाव बना रहा था।
संदीप ने बताया कि जब उसने इस संबंध में BDPO से फोन पर बात की, तो अधिकारी ने मकान न गिराने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। इस बातचीत की रिकॉर्डिंग संदीप ने कर ली और उसे ACB को सौंप दिया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया। सिंचाई विभाग के एक्सईएन गुरविंद्र सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। शिकायतकर्ता को केमिकल पाउडर लगे 5 लाख रुपये दिए गए और उसे BDPO के कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही संदीप ने कार्यालय में आरोपी को पैसे दिए, ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।







