New Flyover: हरियाणा के पानीपत शहर में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। जाटल रोड पर बनने वाले नए फ्लाईओवर का भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई। यह परियोजना स्थानीय विधायक प्रमोद विज के प्रयासों से साकार हो रही है।
विधायक विज ने बताया कि इस फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नहर पर बनने वाला यह पुल शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी राहत लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
इस परियोजना का सीधा लाभ मॉडल टाउन, 8 मरला कॉलोनी, क्रांति नगर, विराट नगर, एम्पीरियम, न्यू मॉडल टाउन, शांति नगर, मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, सतकरतार नगर और गुरु तेग बहादुर कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों के निवासियों को मिलेगा। जाटल रोड से असंध रोड और गोहाना रोड की ओर जाने वाले वाहन अब शहर के भीतरी हिस्सों में फंसे बिना सीधे गुजर सकेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
भूमि पूजन समारोह में कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम से जुड़े प्रतिनिधियों सहित विभिन्न पार्षदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
विधायक विज ने बताया कि वर्तमान में 8 मरला चौक से नहर तक सुबह स्कूल समय में भारी जाम लगता है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी होती है। फ्लाईओवर बनने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
यह परियोजना लोक निर्माण विभाग हरियाणा द्वारा पूरी की जाएगी और इसे पूरा करने के लिए लगभग दो वर्ष का समय निर्धारित किया गया है। विज ने कहा कि नायब सैनी और मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में पानीपत का तेजी से विकास हो रहा है और शहर को जाम मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है।








