Haryana News: हरियाणा के जींद जिले की CIA पुलिस टीम पर उत्तराखंड के हरिद्वार में फायरिंग का मामला सामने आया है। इस हमले में सब-इंस्पेक्टर (SI) सुरेंद्र को गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम हरिद्वार में एक फरार आरोपी सुनील कपूर की तलाश में गई थी, जो अचानक पुलिस पर हमला करके फरार हो गया।
आरोपी सुनील कपूर की तलाश में थी जींद पुलिस
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुनील कपूर जींद के पूर्व एसपी सुमित कुमार के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों से जुड़े दुष्प्रचार के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस को इनपुट मिला था कि वह हरिद्वार में छिपा हुआ है, जिसके आधार पर CIA टीम ने हरिद्वार में दबिश दी।
बस अड्डे के पास हुआ हमला
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब हरिद्वार बस अड्डे के आसपास आरोपी को तलाश रही थी, उसी दौरान SI सुरेंद्र को सुनील दिखाई दिया। सुरेंद्र ने उसका पीछा शुरू किया, लेकिन तभी सुनील ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से SI सुरेंद्र घायल होकर मौके पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीओ सिटी ने फायरिंग की पुष्टि की
हरिद्वार पुलिस के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जींद पुलिस पर हुई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है और आरोपी की तलाश जारी है। हरिद्वार और जींद पुलिस मिलकर आरोपी को पकड़ने में जुटी हुई हैं।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि आरोपी अभी भी हरिद्वार या आसपास के इलाके में छिपा हो सकता है।









