हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर 102 में भीषण आग: 50 झुग्गियां जलकर खाक, एक के बाद एक सिलेंडर ब्लास्ट से दहशत

Published On: April 30, 2025
Follow Us
हरियाणा

हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार सुबह सेक्टर 102 स्थित झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होते रहे। हालांकि समय रहते लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली।

सुबह 3.50 बजे लगी आग, 7 बजे तक पाया काबू

यह घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे की है। फायर ब्रिगेड को सुबह 3.50 बजे कॉल मिली, जिसके 10 मिनट बाद ही टीम मौके पर पहुंच गई। फायर अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि सेक्टर 37, भीमनगर और पटौदी फायर स्टेशनों से कुल 10 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। सुबह 7 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन अब भी मलबे और कबाड़ से धुआं निकल रहा है।

150 झुग्गियों में से 50 पूरी तरह जलीं

घटना स्थल पर करीब 150 झुग्गियां थीं, जिनमें से 40-50 झुग्गियां पूरी तरह जल गईं। इन झुग्गियों में करीब 400 से 450 लोग रह रहे थे। आग लगने के तुरंत बाद लोगों ने अपने परिवारों के साथ झुग्गियां खाली कर दीं। जहां आग नहीं पहुंची थी, वहां से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को बाहर निकाला गया।

सिलेंडर ब्लास्ट से और भड़की आग

फायर टीम के मुताबिक, जब तक दमकल गाड़ियां पहुंचीं, तब तक कई गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो चुके थे, जिससे आग तेजी से फैली। हालांकि टीम के पहुंचने के बाद कोई ब्लास्ट नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह से बुझने के बाद सर्च ऑपरेशनचलाया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई व्यक्ति फंसा न हो।


3 दिन पहले बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर भी लगी थी आग

गौरतलब है कि इससे 3 दिन पहले, 27 अप्रैल को, गुरुग्राम के बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर भीषण आग लगी थी। यह आग इतनी तेजी से फैली थी कि उसे तीन जिलों की फायर ब्रिगेड टीमों को मिलकर बुझाना पड़ा। लैंडफिल साइट पर गुरुग्राम और फरीदाबाद का कचरा डाला जाता है। करीब 30 एकड़ में फैली इस साइट पर रोजाना गुरुग्राम से 1000 टन कचरा पहुंचता है।

आग लगने से कुछ ही घंटे पहले शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने वहां कचरा प्रबंधन प्लांट का निरीक्षण किया था और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद वहां आग लगना चिंता का विषय है।

कावेरी

कावेरी "द न्यूज़ रिपेयर" की एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। कावेरी का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment