Haryana News: हरियाणा में सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। युवक का शव पेट्रोल पंप के पास एक ढाणी में खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गांव निमला निवासी 30 वर्षीय अजय के रूप में हुई है। अजय ममेरा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है।
परिवार का आरोप है कि अजय का पास की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों कोर्ट मैरिज करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई है।
परिजनों ने जताया हत्या का शक
मृतक के परिजनों का कहना है कि युवती पक्ष घटना को लेकर अलग-अलग बयान दे रहा है। कभी आत्महत्या की बात कही जा रही है तो कभी दूसरी बातें बताई जा रही हैं। परिवार का आरोप है कि अजय ने खुद को गोली नहीं मारी, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पेट्रोल पंप से घर लौट रहा था अजय
मृतक के रिश्तेदार रमेश कुमार ने बताया कि अजय बुधवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पेट्रोल पंप से बाइक पर घर लौट रहा था। पंप से कुछ दूरी पर ही युवती का घर पड़ता है। आरोप है कि वहीं पर युवती के परिवार वालों ने उसे घेर लिया।







