Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई। हिसार, भिवानी और सिरसा में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं हिसार के आर्यनगर इलाके में ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने की सूचना भी सामने आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। विभाग ने 11 मई से 14 मई के बीच कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विशेष रूप से पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद मौसम के दोबारा शुष्क होने के आसार हैं।
रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
11 से 14 मई तक मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग ने बताया कि 11 मई को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 10 मई तथा 12 से 14 मई के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में बारिश के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।







