Haryana News: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CIA टीम ने सिंघाना रोड स्थित एसएस होटल में छापेमारी कर पांच युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कुछ युवक नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ASI नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और होटल के कमरा नंबर-105 में दबिश दी।
मौके से पांच युवक गिरफ्तार
कमरे में पांच युवक मौजूद पाए गए, जिनकी पहचान विकास (सुराना निवासी), रोहित (मांदी निवासी), राहुल (मांदी निवासी), जसवंत (नीरपुर निवासी), सचिन (खेड़ी अटेली निवासी) के रूप में हुई।
तलाशी में हेरोइन बरामद
आरोपियों की मांग पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लच्छीराम, नायब तहसीलदार नारनौल को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें तीन आरोपियों के पास से हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार विकास से करीब 28 ग्राम हेरोइन, रोहित से करीब 32 ग्राम हेरोइन, राहुल से करीब 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई। थाना शहर नारनौल में सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B), 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।









