Haryana News: हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को तख्त सचखंड हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) की निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। इस योजना के लिए पात्र नागरिक 10 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
विशेष ट्रेन 15 मई को सिरसा से रवाना होकर गुरुग्राम के रास्ते नांदेड़ पहुंचेगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के रहने, भोजन और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था हरियाणा सरकार द्वारा की जाएगी।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। आवेदक का हरियाणा निवासी होना और उसके पास परिवार पहचान पत्र (PPP) होना अनिवार्य है।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र, स्वास्थ्य फिटनेस संबंधी स्व-घोषणा पत्र और पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने का प्रमाण देना होगा।
ऐसे करें आवेदन
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि इच्छुक नागरिक सरल हरियाणा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी CSC सेंटर पर जाकर भी पंजीकरण करवाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आवेदन के बाद श्रद्धालुओं को लघु सचिवालय गुरुग्राम स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) कार्यालय में अपनी जानकारी जमा करवानी होगी।









