Haryana News: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में तैनात हरियाणा के CRPF जवान सतीश की गोली लगने से मौत हो गई। जवान मूल रूप से रेवाड़ी जिले के गांव मामड़िया आसमपुर के रहने वाले थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सीआरपीएफ की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जवान के सिर में गोली लगी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने देखा कि सतीश जमीन पर पड़े थे और उनकी इंसास राइफल पास में ही थी। आशंका जताई जा रही है कि राइफल से अचानक गोली चलने के कारण उनकी मौत हुई।
हिलर पोस्ट पर चल रही थी ड्यूटी
सीआरपीएफ रिपोर्ट के मुताबिक कांस्टेबल सतीश की ड्यूटी अनंतनाग जिले की हिलर पोस्ट पर गुरुवार शाम 6:30 बजे से 8:30 बजे तक लगी थी। शाम करीब 7:47 बजे पोस्ट से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने सतीश को गंभीर हालत में पाया।
स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज अनंतनाग में कराया गया।
मौत से कुछ देर पहले परिवार से हुई थी बात
परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7 बजे सतीश ने घर पर फोन कर सबकुछ ठीक होने की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद गोली लगने की खबर परिवार तक पहुंची।
एक माह पहले छुट्टी पर आए थे घर
गांव के सरपंच अशोक कुमार ने बताया कि सतीश करीब एक माह पहले छुट्टी पर गांव आए थे और ड्यूटी पर लौटने के बाद भी परिवार से लगातार संपर्क में थे।
परिवार में इकलौते कमाने वाले थे
सतीश अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे आकाश और अमन तथा बेटी भावना हैं। करीब एक साल पहले बीमारी के कारण उनके पिता का भी निधन हो चुका था।
पूरे गांव में शोक, बेटे ने दी मुखाग्नि
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे आकाश ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।







