Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में पलड़ा रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चल रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया और फिर उसमें जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में सीमेंट निर्माण में इस्तेमाल होने वाला ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रक में लगा सीएनजी सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पलड़ा रोड को दोनों तरफ से बंद कर दिया, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।









